बागेश्वर। नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद जिले से अधिकांश यातायात कर्मियों की ड्यूटी बाहरी जिलों में लग गई है, जिससे नगर में ट्रैफिक संभालना चुनौती बन गई है। बीते मंगलवार को शहर के मुख्य बाजारों में लगे लंबे जाम के बाद अब यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है।
यातयात पुलिस के नए निर्देशों के अनुसार नगर में प्रवेश करने वाले टैक्सी और निजी वाहनों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल अति आवश्यक कार्यों या आपातकालीन स्थिति को छोड़कर अन्य सभी वाहन शहर के मुख्य मार्गों के बजाय बाईपास मार्गों का प्रयोग करेंगे। इससे शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होगा और स्थानीय लोगों को जाम से निजात मिल सकेगी। नगर में दोपहर के समय स्कूली वाहनों के अलावा अन्य बेवजह घूमने वाले वाहनों से दबाव बड़ रहा है। जिससे नगर में जाम लगने की संभावना बढ़ रही है। बुधवार को पुलिस के इस प्रयोग से राहत मिलती नजर आई।
.........कोट
चारधाम यात्रा ड्यूटी के कारण फोर्स की कमी हुई है, जिससे यातायात प्रबंधन में दिक्कतें आ रही थीं। मंगलवार के जाम को देखते हुए अब टैक्सी और निजी वाहनों को बाईपास से भेजने का निर्णय लिया गया है। शहर के भीतर केवल जरूरी वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। जनता से अपील है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। - चंदन भंडारी, यातायात प्रभारी, बागेश्वर