सोमेश्वर तहसील के चनौदा स्थित शहीद स्मारक में बौरारो घाटी के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा, बाल विकास और पशुपालन मंत्री रेखा आर्या, विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल आदि नेताओं ने शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके शौर्य, त्याग, बलिदान को नमन किया। इससे पूर्व स्कूली बच्चों ने अपने स्कूलों से शहीद स्मारक तक जुलूस निकाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि क्षेत्रके विकास के लिए सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि गांधी आश्रम को घाटे से उबारने के लिए केंद्रीय उद्योग मंत्रालय सहित वस्त्र मंत्रालय संयुक्त रूप से सहयोग देने का प्रयास करेगा। यह तभी संभव होगा जब आश्रम से जुड़े लोग सक्रिय होकर कार्य करेंगे। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं का हर संभव प्रयास करने की बात कही।
मुख्य अतिथि बाल विकास और पशुपालन मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि बौरारो घाटी के शहीदों ने स्वतंत्रता संग्राम में कुली बेगार प्रथा, अगस्त क्रांति, असहयोग आंदोलन में भाग लेकर आजादी दिलाई। देश की आजादी में बौरारो घाटी के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि चनौदा क्षेत्रीय गांधी आश्रम के जीर्ण-शीर्ण भवन की मरम्मत, उपकरण, कच्चा माल आदि के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने माला को जाने वाले पैदल पुल का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.प्रयाग दत्त जोशी के नाम पर रखने, राजकीय कन्या हाइस्कूल चनौदा में टिन शेड का निर्माण करने की घोषणा की। उन्होंने कहा शहीद समारोह को राजकीय मेला घोषित करने का प्रयास किया जाएगा।
कांग्रेस नेता और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि शहीद समारोह को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए और सभी को क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पत्नी कौशल्या देवी, धनी बोरा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व स्कूली बच्चों ने अपने स्कूलों से शहीद स्मारक तक जुलूस निकाला। इससे पूर्व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद स्थल के समीप बने भवन के सभागार का उद्घाटन किया गया।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र बाराकोटी, ब्लाक प्रमुख दीपक बोरा, किशन बोरा ने विचार रखे। अध्यक्षता महिपाल सिंह भाकुनी तथा संचालन बालम भाकुनी, ललित भाकुनी ने किया। इस मौके पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रशांत भैसोड़ा, डा. देवेंद्र जोशी, ज्येष्ठ प्रमुख राजेंद्र कैड़ा, संजय साह, तहसीलदार खुशबू आर्या, एसओ विजेंद्र साह, राजेंद्र कोहली, गांधी आश्रम के मंत्री हेम पंत, गोपाल खोलिया, सुरेश बोरा, रवींद्र कोहली, पीएन गोस्वामी, सुरेश सिंह, लाल सिंह बजेठा, हरीश राम, प्रकाश भंडारी, भूपाल मेहरा आदि मौजूद थे।