कपकोट (बागेश्वर)। ग्राम पंचायत कपकोट में शुक्रवार को हुई भारी बारिश से चार कमरों का दो मंजिला मकान क्षतिग्रस्त हो गया। परिजनों ने वहां से भागकर जान बचाई लेकिन उनका घरेलूू सामान मलबे में दब गया। ग्रामीणों ने शासन, प्रशासन से प्रभावित परिवार को आपदा प्रबंधन मद से मुआवजा देने की मांग की है।
शुक्रवार की सुबह तहसील क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई। बारिश से ग्राम पंचायत कपकोट के सुलटुई तोक निवासी जशोद सिंह का चार कमरों का दो मंजिला मकान क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में प्रभावित परिवार का खाद्यान्न, कपड़े, बर्तन मलबे में दब गया। सूचना मिलते ही राजस्व उपनिरीक्षक एमएस भाकुनी ने मौका मुआयना कर जांच रिपोर्ट तहसील कार्यालय को सौंप दी है।
ग्राम प्रधान पूरन सिंह कपकोटी, दरबान सिंह कपकोटी ने शासन, प्रशासन से प्रभावित को आपदा प्रबंधन मद से उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं बारिश से फरसाली वल्ली के प्राइमरी स्कूल की दीवार और पैदल रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है।
चहारदीवारी क्षतिग्रस्त होने से लावारिस जानवर स्कूल परिसर में घुसने लगे हैं जबकि रास्ते के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों ने शासन, प्रशासन से क्षतिग्रस्त योजनाओं का शीघ्र पुनर्निर्माण करवाने की मांग की है। इनमेें ग्राम प्रधान मुन्नी देवी, पूर्व उपप्रधान दान सिंह पुतलिया, दान सिंह पुतलिया, त्रिलोक सिंह कोश्यारी आदि शामिल हैं।