कांडा के जीआईसी सानिउडियार पहुंचे परीक्षार्थी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
कांडा/बागेश्वर। कोरोना संक्रमण को देखते हुए विद्यालयी शिक्षा परिषद ने 23 से 25 मार्च तक प्रस्तावित बोर्ड परीक्षाएं स्थगित तो कर दीं, लेकिन शिक्षा महकमा परीक्षार्थियों तक परीक्षा स्थगित होने की सूचना भिजवाने में नाकाम रहा। इसी कारण सोमवार को जीआईसी बागेश्वर, सानिउडियार, जीआईसी देवतोली में कई विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंच गए।
शिक्षा विभाग की सूचना देने में ढिलाई कहें या परीक्षार्थियों में जानकारी का अभाव देवतोली और सानिउडियार जीआईसी में 10वीं के कुछ परीक्षार्थी सोमवार को परीक्षा देने पहुंच गए। तय शेड्यूल के अनुसार सोमवार को गणित की परीक्षा होनी थी। परीक्षा केंद्र बंद होने पर यह परीक्षार्थी अचंभित रह गए। स्कूलों के आसपास से गुजर रहे लोगों ने इन्हें परीक्षा स्थगित होने की जानकारी दी। सीईओ नरेश शर्मा का कहना है कि परीक्षा स्थगित करने संबंधी पत्र शनिवार शाम मिला। अगले दिन रविवार की छुट्टी होने के कारण परीक्षा केंद्र के प्रभारियों को समय पर सूचना नहीं मिल पाई। इस कारण जीआईसी बागेश्वर में भी कुछ परीक्षार्थी पहुंच गए थे।