नव निर्वाचित अध्यक्ष के साथ जश्र मनाते समर्थक।
- फोटो : अमर उजाला
नगर पंचायत भिकियासैंण के पहले चुनाव में भाजपा की अंबुली देवी ने कांग्रेस प्रत्याशी कमला देवी को 76 मत से पराजित कर पहला अध्यक्ष होने का इतिहास रच दिया।
भाजपा की अंबुली देवी को 561 और निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस की कमला देवी को 485 तथा बसपा की दीपा देवी को 76, उक्रांद की गोमती देवी 58, निर्दलीय कल्पना गोस्वामी को 335 और निर्दलीय देवकी देवी को 339 मत मिले। सभी वार्डों में 28 मत रद हुए जबकि सात ने नोटा का प्रयोग किया। इस नवगठित नगर पंचायत के चार वार्डों में सभासद पदों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी हुए। इनमें गांधीनगर वार्ड से नरेंद्र सिंह, तहसील वार्ड से गोपाल सिंह, बडियाली वार्ड से चंपा मावड़ी और राजाजी वार्ड से माया जीना विजयी हुईं। भाजपा ने तहसील वार्ड से संजय अग्रवाल और राजाजी वार्ड से कमला देवी को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन दोनों काफी पीछे रहे। निर्वाचन अधिकारी एसडीएम गौरव चटवाल ने परिणामों की घोषणा की और विजयी प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। बाद में
विजयी प्रत्याशियों को उनके समर्थकों ने फूल मालाओं से लाद दिया।