कपकोट (बागेश्वर)। भाजपा नेता और पूर्व मंत्री बलवंत भौर्याल के नेतृत्व में पार्टी नेेताओं ने पिंडरघाटी के गांवों का भ्रमण कर जनसमस्याएं सुनीं। पूर्व मंत्री भौर्याल ने सोराग, धूर, बाछम, खाती, लहबगड़, रिटंग, भटंग और सोराग आदि गांवों का भ्रमण किया। वर्ष 2013 में आई आपदा में उगियां सोराग, तीख लूमी, द्वाली, रिटंग, मल्याधौड़, शरणी बाछम, घटगाड़ खाती के पैदल पुल बह गए थे।
उनका पुनर्निर्माण आज तक नहीं हो सका है। पुलों का निर्माण नहीं होने से जहां ग्रामीणों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। वहीं, बच्चे भी स्कूल जाने में डर रहे हैं। खाद्यान्न भी समय पर नहीं पहुंच पा रहा है। लोनिवि ने आवागमन के लिए ट्रॉलियां लगाई हैं, लेकिन लोहे की रस्सियां भी ढीली पड़ गई हैं। सुरक्षा के लिए पीआरडी जवान भी तैनात नहीं किए गए हैं। वर्ष 2011-12 में खाती में निर्मित अस्पताल भवन आज तक हस्तगत नहीं हो सका है।
वहीं, अस्पतालों में डाक्टर नहीं हैं तो राजकीय इंटर कालेज खाती और सोराग में शिक्षकों के पद खाली हैं। पीएमजीएसवाई के अधीन रिखाड़ी, बाछम, रिखाड़ी सड़क का कटान कई स्थानों पर मानक के अनुसार नहीं हो रहा है। भौर्याल ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन से समस्याओं का समाधान तेजी से कराने को कहा है। भ्रमण में उनके साथ ब्लाक प्रमुख मनोहर राम, जिला पंचायत सदस्य गोविंद दानू, मंडल अध्यक्ष महिपाल दानू, प्रेम सिंह सुरकाली, तारा सिंह दानू, लक्ष्मण दानू, आनंद टाकुली, धनी राम, आनंद राम और बसंती देवी आदि थे।