नवागंतुक जिलाधिकारी रंजना ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। रुद्रप्रयाग से स्थानांतरित होकर 16वीं जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण करने वाली रंजना बागेश्वर जिले की पहली महिला जिलाधिकारी बनी हैं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल आदि समस्याओं का समाधान करने को अपनी प्राथमिकता बताया है।
बुधवार को रंजना ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद कोषागार के डबल लाक और स्टांप पेपर का चार्ज लिया और कोषागार के सभी पटलों का निरीक्षण किया। निर्वाचन कार्यालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों की जानकारी ली। आबकारी, अभिलेखागार सहित संयुक्त कार्यालयों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पटल सहायकों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल आदि समस्याओं का तेजी से समाधान करना है। इससे पूर्व उन्होंने बागनाथ मंदिर जाकर पूजा अर्चना की।
कार्यभार ग्रहण करने के मौके पर उनके साथ सीडीओ एसएसएस पांगती, डीडीओ केएन तिवारी, एसडीएम बागेश्वर श्याम सिंह राणा, कांडा की एसडीएम रिंकू बिष्ट, वरिष्ठ कोषाधिकारी भाष्करानंद पांडेय, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गणेश दत्त भट्ट, प्रशासनिक अधिकारी बालम सिंह, भगत भौर्याल, दिनेश खेतवाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र आर्या आदि अधिकारी मौजूद थे।