- बकाएदार की मशीनों को सील करते बैंक कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
बैंक ऑफ इंडिया के 70 लाख से अधिक के एक बड़े बकाएदार की संपत्ति सील कर दी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस जवान तैनात रहे। प्रापर्टी की नीलामी के बाद बैंक आगे की कार्रवाई करेगा।
बैक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक देवेंद्र कुमार सागर ने बताया कि सनत इंटरप्राइजेज के भरत सिंह ने कारोबार शुरू करने के लिए फरवरी 2014 में बैंक से 60 लाख रुपए का लोन लिया था। इसके एक साल बाद मार्च 2015 में बैंक ने नौ लाख रुपए का एडीशनल लोन फिर दिया। जून 2015 में कारोबारी पर 70.86 लाख रुपए का बकाया हो गया।
बैंक प्रबंधक के अनुसार लोन लेने के बाद कारोबारी ने रेगुलर भरपाई नहीं की। कई बार नोटिस भेजने के बाद भी रकम जमा नहीं करने पर बैंक ने सरफेसी एक्ट के तहत प्रापर्टी सील करने की कार्रवाई शुरू की। जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद शुक्रवार को बैंक की ओर से एएए कैपिटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड रिकवरी एजेंसी ने प्रापर्टी सील कर दी। उन्होंने बताया कि कारोबारी पर 18.50 लाख रुपए के दो अन्य लोन भी हैं।
उन्होंने बताया कि प्रापर्टी सील करने के बाद नीलामी की कार्रवाई की जाएगी। बकाएदार कारोबारी की संपत्ति सील करने के मौके पर बैंक की ओर से हल्द्वानी से आए मुख्य प्रबंधक व प्राधिकृत अधिकारी मदन सिंह नपलच्याल, संजीव मित्तल डीजीएम, पुनीत एजीएम, करुणानिधि शर्मा, नायब तहसीलदार दया चंद्र टम्टा मौजूद रहे।