भूकंप के कारण बागेश्वर की दुग नाकुरी तहसील क्षेत्र के ग्राम किड़ई में टूटा मकान।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर/गरुड़। पूरा जिला शनिवार सुबह साढ़े छह बजे भूकंप के झटकों से थर्रा उठा। इसका केंद्र कपकोट का गोगिना गांव बताया जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.7 आंकी गई। भूकंप की चपेट में आकर एक मकान की दीवार गिरने से दो परिजन चोटिल हो गए। इसके अलावा तीन अन्य मकानों में दरारें पड़ गईं।
दुग नाकुरी तहसील क्षेत्र के किड़ई गांव में भूंकप से घर की दीवार टूटने लछीराम की पत्नी बसंती देवी (36)और 13 वर्षीय पुत्री रीता को मामूली चोट लगी। जिनका जिला अस्पताल में लाकर उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। राजस्व पुलिस ने मौका मुआयना कर प्रभावित परिवार को दो कंबल, 3800 रुपये और एक आपदा राहत किट दी है। कपकोट के एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि मौका मुआयना करने के लिए राजस्व विभाग की टीम को गोगिना के आसपास भेजा गया। पाया कि ग्राम पोथिंग निवासी नंदन सिंह , ग्राम असौं निवासी उम्मेद सिंह और राजन सिंह के मकानों में दरार आई हैं। इससे उनके मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है। कपकोट नगर पंचायत के सभासद तनुज तिरुवा ने बताया कि भराड़ी में बने शुलभ शौचालय की भी दीवार चटक गई। इधर कौसानी और गरुड़ में भूकंप के जोरदार झटके आये। भूकंप के झटके आते ही अधिकांश लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। अलबत्ता कोई नुकसान नहीं हुआ।