बागेश्वर में उत्तरायणी मेले को लेकर सजाया बागनाथ मंदिर का प्रवेश द्वार। संवाद
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। मकर संक्रांति से होने वाले उत्तरायणी मेले के आयोजन के लिए नगर में जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं। नगरपालिका क्षेत्र में सजावट का काम चल रहा है। घाटों की सफाई की जा रही है। सरयू और गोमती नदियों में अस्थायी पुलियाओं का निर्माण किया जा रहा है। पिछले वर्ष कोरोना के चलते केवल धार्मिक मेला आयोजित किया गया था। इस वर्ष लोगों को मेले के भव्य आयोजन का बेसब्री से इंतजार है। नगरपालिका भी मेले को आकर्षक बनाने के लिए पूरी तैयारी से जुटी है।
उत्तरायणी जिले का प्रमुख मेला है। इस मेले का ऐतिहासिक, राजनीतिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से बड़ा महत्व रहा है। सरयू और गोमती नदियों में हर वर्ष मेले के दौरान बनने वाले लकड़ी के अस्थायी पुलों के निर्माण का काम भी तेजी से चल रहा है। वहीं, सरयू नदी पर बागनाथ मंदिर से नुमाइशखेत को जोड़ने वाले पैदल पुल का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है।
नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने कहा कि पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते मेला केवल धार्मिक रूप में आयोजित किया गया था। इस वर्ष मेले को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारियां चल रही हैं। नुमाइशखेत मैदान में सजने वाले सांस्कृतिक मंच के लिए प्रसिद्ध कलाकारों को बुलाया जाएगा। मेलार्थियों को मेले के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और कुछ नया अनुभव मिले, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।