बागेश्वर के पंडित बीडी पांडेय परिसर में निदेशक को ज्ञापन देते एनएसयूआई कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : Samvad
बागेश्वर। परीक्षाफल में गड़बड़ी आने से बीडी पांडे परिसर के छात्र-छात्राओं में आक्रोश है। नाराज छात्र-छात्राओं ने निदेशक के माध्यम से एसएसजे विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन भेजकर गलतियों में सुधार करने की मांग की। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
बुधवार को आक्रोशित छात्र-छात्राएं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कमलेश गढि़या के नेतृत्व में परिसर में एकत्र हुए। उन्होंने यहां निदेशक के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेजा। छात्र-छात्राओं ने कहा कि बागेश्वर कैंपस में 60 फीसदी छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम में गलतियां हैं। परीक्षाफल में सुधार नहीं होने पर वह अपने प्रवेश फार्म नहीं भर पा रहे हैं। इस संबंध में कई बार एसएसजे विश्व विद्यालय को बता दिया गया है इसके बाद भी परीक्षाफल में सुधार को लेकर कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने शीघ्र परीक्षाफल में सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर प्रेम दानू, सागर जोशी, राहुल बाराकोटी, पंकज पपोला, ललित कुमार, नीरज जोशी सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।