बागेश्वर/कपकोट। हाल में बहरीन से लौटे गरुड़ विकासखंड के गागरीगोल क्षेत्र के एक युवक को कोरोना की जांच के लिए जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। अस्पताल प्रशासन ने युवक को संदिग्ध माना है लेकिन किसी प्रकार के लक्षणों की पुष्टि नहीं की है। वहीं कतर से लौटे एक युवक अमेरिका से कपकोट लौटी एक महिला की जांच भी निगेटिव आई है।
जिला अस्पताल प्रशासन के अनुसार शुक्रवार को गागरीगोल का एक युवक सर्दी, जुकाम, बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा। मेडिकल स्टाफ ने उसकी जांच की। डॉ. सैय्यद अहमद अब्बास ने बताया कि युवक में कोई लक्षण नहीं पाए गए। उक्त युवक 14 मार्च को बहरीन से लौटा है। उसने बैजनाथ अस्पताल में भी जांच कराई थी। उसे बैजनाथ अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। इससे युवक काफी घबराया है। एहतियात के तौर पर उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। किसी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर खून के नमूने जांच के लिए सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी भेजे जाएंगे।
डॉ. अब्बास ने बताया कि अस्पताल में एक अन्य युवक भी कोरोना की जांच के लिए पहुंचा था। यह युवक हाल में कतर से लौटा है। उस युवक में किसी प्रकार के लक्षण न मिलने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उधर, कपकोट से मिली सूचना के अनुसार पिछले दिनों अमेरिका से आई एक महिला की कपकोट अस्पताल में जांच की गई लेकिन उसमें किसी तरह के लक्षण नहीं पाए गए। उसे भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
विदेशी पर्यटकों की निरंतर की जाए जांच : डीएम
बागेश्वर। डीएम रंजना राजगुरु ने कलक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में आने वाले विदेशी पर्यटकों की लगातार जांच करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि विदेशी सैलानियों का विस्तृत डाटाबेस तैयार कर तहसील और पुलिस थानों को भेजा जाए। सीएमओ डॉ. बीएस रावत ने बताया कि कोरोना को लेकर जिला स्तर पर सेल का गठन किया गया है, जिसका नोडल अधिकारी डॉ. वीके सक्सेना को बनाया गया है। उनके साथ डॉ. एनएस टोलिया सहयोगी रहेंगे।
आज प्रस्तावित नेत्र शिविर स्थगित
बागेश्वर। सीएमओ डॉ. बीएस रावत ने बताया है कि कोरोना वायरस को देखते हुए शनिवार को जिला अस्पताल में प्रस्तावित नेत्र शिविर को स्थगित कर दिया गया है।