मुनार गांव की एक हेक्टेअर जमीन पर कब्जा जमाए दो प्रभावशाली लोगों के कब्जे से प्रशासन ने जमीन छुड़ा ली। अब इस भूमि का उपयोग ग्रामीण गोचर के रूप में कर सकेंगे।
कपकोट तहसील के मुनार गांव में त्रिलोक सिंह और बलवंत सिंह ने गांव की सार्वजनिक जमीन में कब्जा कर लिया था। इस भूमि में घेराबंदी करने से अन्य गांववासी गोचर को लेकर परेशान थे। इस मामले में एक पखवाड़े पूर्व पूर्व प्रधान शेर सिंह टाकुली ने कपकोट के एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की थी। एसडीएम रवींद्र बिष्ट के निर्देश पर पटवारी हरीश तिरुवा ने मुनार पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और संयुक्त रूप से बैठक बुलाई। इसके बाद जमीन को दोनों के कब्जे से हटा लिया गया।
इस मौके पर नरेंद्र टाकुली, धाम सिंह, शांति देवी, बलवीर टाकुली, लाल सिंह, थान सिंह आदि ग्रामीण उपस्थित थे। इस भूमि में बांज, उतीस, काफल आदि चौड़ी पत्ती प्रजाति के पेड़-पौधे हैं। ग्रामीण अब इस भूमि का उपयोग गोचर के रूप में करेंगे।