कपकोट विधानसभा की दूरस्थ की 85 मतदान पार्टियां मतदेय स्थलों के लिए रवाना हो गई हैं। प्रेक्षकों के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने रवानगी स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा। कपकोट विधानसभा की शेष 87 पार्टियों के साथ ही बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र की 177 पोलिंग पार्टियां 14 फरवरी की सुबह रवाना होंगी।
सामान्य प्रेक्षक एमएस जया, पुलिस प्रेक्षक देवबिहारी शर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आरओ स्ट्रांग रूम के बाहर सीसी टीवी लगाने के निर्देश दिए। परिसर में मेडिकल टीमों द्वारा मतदान कार्मिकों को जीवन रक्षक दवाइयों का वितरण भी किया जा रहा है।
जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ एक-एक डॉक्टर जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ एक फार्मेसिस्ट की तैनाती की गई है। मतदान पार्टियों को समान वितरण के लिए 24 काउंटर लगाए गए हैं। एक काउंटर छूटे हुए सामान को प्राप्त करने के लिए अलग से लगाया गया है। कार्मिकों की उपस्थिति के लिए काउंटर स्थापित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने ड्यूटी में तैनात कार्मिकों की व्यवस्था के तहत कार्य करने के निर्देश दिए। मंगलवार को रवाना होने वाली पोलिंग पार्टियों को भी देर शाम तक सामान वितरण का कार्य जारी था। यहां पर सीडीओ एसएसएस पांगती, एडीएम एसएस जंगपांगी, जिला पंचायतराज अधिकारी पूनम पाठक, डॉ. उदय शंकर, डीडीओ केएन तिवारी आदि थे।
े