ग्राम पंचायत खोली के काकड़ा गांव में चार दिन से पीने के पानी का संकट गहराया हुआ है। नलों के सूखे होने के कारण गांव के 35 परिवार परेशान हो गए हैं। ग्रामीण गांव के प्राचीन धारे पर निर्भर हैं। वहां भी सुबह से ही ग्रामीणों की लाइन लग रही है। ग्रामीणों ने पेयजल संस्थान से पानी की आपूर्ति शीघ्र सुचारु करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खोली की मीहिनिया पेयजल योजना के चरमरा जाने से गांव के काकड़ा तोक में पीने के पानी का संकट गहरा गया है। नलों से पानी की बूंद नहीं टपकने से गांव के 35 परिवार परेशान हो गए हैं। ग्रामीण गांव के एक पुराने धारे से पानी भरने को मजबूर हैं। धारे में पानी की मात्रा कम होने से वहां ग्रामीणों की सुबह से ही लाइन लग जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पेयजल संस्थान से योजना सुचारुकरने के लिए कई बार कह दिया है। लेकिन अभियंताओं के निर्वाचन में व्यस्त होने के कारण समस्या जस की तस है। ग्रामीणों ने समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। इस मौके पर हरीश सिंह, चंदन सिंह, कमल सिंह, जगत सिंह, पूरन चंद्र, राजेश कांडपाल आदि थे। पेयजल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता दीन दयाल ने कहा कि लाइनमैन को शीघ्र ही मौके पर भेजकर लाइन सुचारु करवा दी जाएगी।