बागेश्वर। जिलाधिकारी ने मानसून काल में बिना अनुमति के अवकाश लेकर जिले से बाहर जाने पर बागेश्वर जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक का वेतन रोक दिया है। जिलाधिकारी ने सीएमएस से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
जिलाधिकारी रंजना ने बताया कि सीएमएस डॉ.बसंत बिना उनकी अनुमति के आकस्मिक अवकाश पर मुख्यालय से बाहर गए हैं। सीएमएस की ओर से अवकाश के लिए प्रदेश के स्वास्थ्य निदेशक को प्रार्थना पत्र भेजा गया है। उन्हें प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है। जबकि प्रदेश के मुख्य सचिव की ओर से भी मानसून काल में किसी भी अधिकारी को बिना जिलाधिकारी की पूर्वानुमति के अवकाश के लिए आवेदन न करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बिना अनुमति के मुख्यालय छोड़ना गैर जिम्मेदाराना है। अग्रिम आदेशों तक सीएमएस का वेतन रोक दिया है। डीएम ने सभी अधिकारियों को बिना पूर्वानुमति के अवकाश के लिए पर न जाने के निर्देश दिए हैं।