बागेश्वर। बारिश से जिले की आधा दर्जन ग्रामीण सड़कें बंद पड़ी हैं। सड़कों के नहीं खुलने से पैदल आवाजाही करने में ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बंद सड़कों को खोलने में हो रही देरी को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी है।
जिले की कौसानी-भतेड़िया, कपकोट-कर्मी, मुनार बैंड-सूपी, कांधार-रीठापल्ला परकोटी, असों-बेड़ापाकर ओखलधार और कपकोट-पोलिंग सड़कें बंद हैं। इनमें से कौसानी-भतेड़िया सड़क को बंद हुए डेढ़ माह से अधिक का समय हो गया है। कौसानी में जमीन धंसने से इस सड़क के बंद होने के चलते ग्रामीणों के साथ ही होटल व्यवसायी भी परेशान हैं।
यहां पर होटलों और मकानों को खतना बना हुआ है। कपकोट-कर्मी सड़क में बोल्डर अभी नहीं हट पाए हैं। मुनार बैंड-सूपी सड़क में दो स्थानों पर आए बोल्डरों को भी नहीं हटाया जा सका है। दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीण परेशान हैं। मल्ला दानपुर क्षेत्र की इन सड़कों के बंद होने से नंदाष्टमी मेले में आने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बरसात में सड़कों के लगातार बंद रहने से ग्रामीण जरूरी सामान पीठ पर ढो रहे हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त बना हुआ है। आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि निर्माणदायी एजेंसियों की ओर से सड़कों को खोलने का काम जारी है। जल्दी सड़कों में यातायात सुचारु हो इसके प्रयास किए जा रहे हैं।