बागेश्वर। राजकीय आदर्श विद्यालय बागेश्वर में कार्यरत शिक्षकों को व्यवस्था पर दूसरे स्कूल में भेजने से अभिभावकों में रोष है। अभिभावकों ने शिक्षकों को अन्यत्र स्कूल में भेजने पर उपशिक्षा अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।
अभिभावकों का कहना है कि राजकीय आदर्श विद्यालय से आए दिन किसी न किसी शिक्षक को अन्यत्र भेज दिया जाता है। पूछने पर विभागीय आदेश की बात कही जाती है। शिक्षकों के अनुपस्थित रहने से पठन-पाठन प्रभावित होता है।
अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को विद्यालय में प्रवेश दिलाते समय अच्छे शिक्षण के साथ ही सभी सुविधाएं देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आए दिन शिक्षकों के मौजूद नहीं होने की जानकारी मिल रही है।
अभिभावक आन सिंह, आनंदी देवी, पुष्पा देवी, हंसी देवी, कमला देवी आदि ने कहा है कि यदि शिक्षकों को दूसरे विद्यालयों में भेजने की व्यवस्था बंद नहीं की गई तो उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी कर दी जाएगी। इधर, डीईओ बेसिक आकाश सारस्वत ने बताया कि आदर्श विद्यालयों से किसी भी शिक्षक को व्यवस्था पर दूसरे विद्यालय नहीं भेजा जा रहा है।
एक माह पूर्व ही इस तरह के आदेश दिए गए हैं। इसके बावजूद यदि ऐसा हो रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।