बागेश्वर। ढालन मजवे-नायल मोटर मार्ग पिछले चार माह से बंद है। यातायात व्यवस्था सुचारु नहीं होने से क्षेत्रवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के काश्तकार अपने उत्पादों को बाजार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क शीघ्र खोलने की मांग की है।
ढालन मजवे-नायल मोटर मार्ग बरसात में कई स्थानों पर मलबा आने से बंद हो गया था। चार माह बाद भी बंद सड़क को नहीं खोला गया है। इसके चलते लोगों को यातायात सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। क्षेत्र के किसान सब्जी और दूध सहित अन्य उत्पादों को बाजार तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं।
इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग द्वारा सड़क नहीं खोली जा रही है। नारायण प्रसाद, भुवन चंद्र उप्रेती, नरेश चंद्र, नारायण दत्त, ललिता देवी, चंचल राम, प्रकाश राम, बसंत बल्लभ उप्रेती सहित क्षेत्र के तमाम काश्तकारों ने सड़क को शीघ्र दुरुस्त कर यातायात सुचारु करने की मांग की है।