बागेश्वर। बागेश्वर जिले में अमर उजाला की ओर से महिला हिंसा के खिलाफ चलाए जा रहे अपराजिता अभियान का अनौपचारिक आगाज 17वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के उद्घाटन के साथ होगा। इस अवसर पर अमर उजाला प्रतिभागी खिलाड़ियों से खासकर बालिकाओं से संवाद करेगा और अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी तय करने की कोशिश करेगा। अभियान के तहत प्रतिभागी खिलाड़ियों, प्रशिक्षक, प्रबंधक, खेल प्रेमियों और खेल विभाग से जुड़े कार्मिकों से शपथ पत्र भरवाए जाएंगे। अमर उजाला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओें को सम्मानित भी करेगा।
सोमवार को पिंडारी रोड स्थित ताइक्वांडो हॉल में राज्य के नौ जिलों के खिलाड़ी 17वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के अंडर 17 में विभिन्न भार वर्गों में खिताबी जीत के लिए जोर आजमाइश करेंगे। यह प्रतियोगिता बालक और बालिका वर्ग में होगी। एकल मुकाबलों मेें किया गया प्रदर्शन ही सर्वश्रेष्ठ टीमों के चयन का आधार होगा। प्रतियोगिता में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर की टीम भाग लेंगी।
बागेश्वर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में उद्घाटन मैच के साथ ही अमर उजाला के अपराजिता अभियान का अनौपचारिक आगाज भी होगा। प्रतियोगिता में नौ जिलों की 45 बालिका खिलाड़ी भी जोर आजमाइश करेंगी। इसी बीच अमर उजाला प्रतिभागी बालिकाओं से सीधा संवाद कर अभियान की जानकारी देने के साथ ही सक्रिय भागीदारी तय करने की कोशिश करेगा। प्रतियोगिता में भाग ले रहे पुरुष खिलाड़ियों के साथ ही खेल से जुड़ी शख्सियतों और खेल प्रेमियों के बीच इस मुद्दे पर आम राय हासिल कर अभियान को गति देने की कोशिश भी की जाएगी। आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों ने अभियान के तहत शपथ पत्र भी भरवाए जाएंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को अमर उजाला सम्मानित करेगा।
जिंप अध्यक्ष और सीडीओ करेंगे शुभारंभ
बागेश्वर। सोमवार को सुबह नौ बजे से प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला खेला जाएगा। जबकि पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी और सीडीओ एसएस पांगती प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। देर शाम तक मुकाबलों केे दौर जारी रहेगा। शेष वर्ग के मुकाबले मंगलवार सुबह खेले जाएंगे। मंगलवार पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे विधायक चंदन राम दास और एडीएम राहुल गोयल प्रतियोगिता के समापन समारोह में अव्वल प्रतिभागियों को पुरस्कृत करेंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद वल्दिया ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की सभी तैयारियों पूरी हो गई हैं। सभी टीमों के आवास, भोजन आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। ब्यूरो