बागेश्वर। समस्याओं का समाधान नहीं होने से विचला दानपुर संघर्ष समिति में आक्रोश है। समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक का घेराव करने की चेतावनी दी है।
विचला दानपुर संघर्ष समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह कोरंगा, कुंदन सिंह, चंचल सिंह, भरत सिंह, पान सिंह, खड़क सिंह, प्रह्लाद सिंह, हरीश सिंह, गिरीश सिंह आदि क्षेत्रवासियों का कहना है कि धरमघर, चुचेर, माजखेत लाथी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य अप्रैल से बंद है।
वहीं खड़लेख-भनार नामती चेटाबगढ़ मोटर मार्ग बदहाल स्थिति में है। इसके अलावा ग्राम पंचायत भनार के तल्ला डाना, बग्ल्यानी, कफलानी आदि तोकों में अप्रैल से हिन्या-रिठकुला पेयजल योजना में पानी नहीं आ रहा है। रमाड़ी में रामगंगा नदी में अवैध तरीके से खनन कर पर्यावरण को क्षति पहुंचाई जा रही है। राइंका लीती, नामती चेटाबगढ़ और जूनियर हाइस्कूल भनार में शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं।
क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों में संचार की कोई सुविधा नहीं है। कहा कि सामा में बीएसएनएल का मोबाइल टावर सप्ताह में अधिकांश दिनों बंद रहता है। इन समस्याओं को दूर नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर दो नवंबर को कपकोट के विधायक बलवंत भौर्याल का घेराव किया जाएगा।