बागेश्वर। राज्य स्थापना दिवस की 17वीं वर्षगांठ मनाने को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। डीएम ने बताया कि स्थापना दिवस पर सभी विभागों की ओर से झांकियां निकाली जाएंगी। सबसे अच्छी झांकी निकालने वाले विभाग को पुरस्कृत किया जाएगा।
डीएम रंजना ने कहा कि आठ और नौ नवंबर को सरकारी भवनों को कम वोल्टेज के बल्बों से प्रकाशित किया जाएगा। बिजली विभाग के ईई को उन्होंने इस अवधि में बिजली की आपूर्ति बहाल रखने के निर्देश दिए। बताया कि नौ नवंबर की सुबह नौ बजे कोतवाली के पास शहीद स्मारक पर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा। नुमाइशखेत मैदान में 10 बजे झंडारोहण कर सलामी ली जाएगी।
पुलिस परेड में पुलिस के जवानों के अलावा एनसीसी कैडेट, होमगार्ड और पीआरडी जवान प्रतिभाग करेंगे। नौ बजे तहसील परिसर से विभिन्न विभागों की झांकियां वाहनों में निकाली जाएंगी। डीएम ने बताया कि ब्लॉक और तहसील स्तर पर भी स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सफाई व्यवस्था, मतदाता जागरूकता, खुले में शौच से मुक्ति आदि विषयों पर निबंध आदि प्रतियोगिताएं आयोजित करने को कहा।
बैठक में एडीएम राहुल गोयल, सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट, एसडीएम श्याम सिंह राणा, रिंकू बिष्ट, वरिष्ठ कोषाधिकारी नीतू भंडारी, डीडीओ केएन तिवारी, रणजीत सिंह बोरा आदि थे।