बागेश्वर। बारिश से बंद हो रही सड़कों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जिले की 17 सड़कों के बंद होने के कारण लोगों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। सबसे खराब हालत शामा-गोगिना सड़क की है। सीमांत के गांवों को जोड़ने वाली यह सड़क पिछले 16 दिन से बंद है।
शामा-लीती-गोगिना सड़क सतगड़, विनायक समेत तमाम स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। शामा से तीन किमी आगे सड़क का करीब 30 मीटर हिस्सा धंसा है। यहां सड़क के पुनर्निर्माण में दिक्कत आ रही है। लोनिवि के अधीन इस हिस्से में सड़क के पुनर्निर्माण का काम चल है। सड़क बंद होने से रातिककेठी, गोगिना, कीमू समेत तमाम गांवों के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को जरूरी सामान के लिए शामा आना पड़ रहा है। इसके लिए उन्हें करीब 15 किमी पैदल चलना पड़ रहा है।
कोट.....
शामा से आगे सड़क काफी क्षतिग्रस्त होने के कारण आगे जेसीबी नहीं जा पा रही है। शामा पर लोनिवि की ओर से सड़क खोलने का काम चल रहा है।
- अनिल कुमार- ईई, पीएमजीएसवाई डिवीजन, कपकोट
बागेश्वर की बंद सड़कें
शामा-लीती-गोगिना, शामा-लीती, सानिगाड़-बास्ती, रिखाड़ी-वाछम, धरमघर-मजखेत, कपकोट-कर्मी, बघर, शामा-नाकुरी, धपोली-जेठाई, विजयपुर-पैंसिया, अल्मोड़ा-ग्वालदम, कातीगांव-कपूरी, कौसानी-भतरिया, बालीघाट-धरमघर, मल्लाडोबा-नौघरस्टेट, कमेड़ीदेवी-भैसूड़ी, रोलियाना-लोहागड़ी।
कहां कितनी बारिश
गरुड़ - 32.5 मिमी
कपकोट - 05.0 मिमी
बागेश्वर - 2.50 मिमी
बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त, छह गांवों में बिजली गुल
बागेश्वर। शनिवार को कपकोट में भूस्खलन और पेड़ गिरने से बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे पेठी, काफलीकमेड़ा बांसे, झोपड़ा दुलम समेत छह गांवों की बिजली आपूर्ति भंग हो गई है। इससे करीब साढ़े पांच सौ लोग प्रभावित हैं। यूपीसीएल के ईई भाष्कर पांडेय ने बताया है कि उक्त गांवों की बिजली आपूर्ति सोमवार तक सुचारु होने की संभावना है। संवाद