बागेश्वर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित चार दिवसीय जिला अकादमिक संदर्भ समूह गणित डीएआरजी गणित कार्यशाला का समापन हो गया है। डायट के प्रभारी प्राचार्य डा. केएस रावत ने समूह के सदस्यों से कार्यशाला में सीखी गई गणितीय गतिविधियों के जरिये गणित विषय को रोचक बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने-अपने क्षेत्र में गणित की गूढ़ अवधारणाओं को सरल बनाने में योगदान दें।
डायट सभागार में आयोजित कार्यशाला में डॉ. केएस रावत ने कहा गणित मैनुवल लैब से दूरस्थ विद्यालयों में पढ़ रहे सुविधाहीन बच्चे लाभान्वित होंगे। उन्होंने सराहनीय कार्य करने वाले प्रतिभाओं को सम्मानित किया। संचालन करते हुए मुख्य संदर्भदाता एवं कार्यक्रम समन्वयक भैरव दत्त पांडे ने गणित की गतिविधियों, गणित लैब का विकास उपयोगिता, अबेकस के अनुप्रयोग और गणित लैब के जरिये बच्चे के होने वाले तार्किक एवं बौद्धिक क्षमता के विकास पर रोशनी डाली।
कार्यशाला में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के लगभग सभी संबोधों पर 40 प्रतिभागियों ने संस्थान में निर्मित गणित प्रयोगशाला में बनी लगभग 250 गतिविधियों के लिए लैब मैनुअल का प्रथम स्तरीय अभिलेखीकरण का कार्य किया। डायट के प्रवक्ता केएन जोशी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मदन लाल ने प्रशिक्षण की सार्थकतता के लिए पूरे मनोयोग से काम करने को कहा। इस मौके पर प्रवक्ता संजय गुरुरानी, रवि जोशी, डॉ. राजीव जोशी, डॉ. सीएम जोशी, केएन जोशी, डॉ. दया सागर, दयाल चंद्र जोशी, चरण बघरी, केदार मेहता समेत 40 प्रतिभागी मौजूद थे।