बागेश्वर। नायल गांव के कठमूलिया में अवैध रूप से खड़िया खनन का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को शिकायत पत्र सौंपा है। ग्रामीणों ने खनन की स्वीकृति के लिए काश्तकारों की ओर से दिए गए अनापत्ति पत्रों की जांच की मांग भी की है।
जिला प्रशासन को दिए शिकायत पत्र में नायल गांव के सोनू जोशी ने कहा है कि कठमूलिया में हो रहे खड़िया खनन के लिए कुछ ही खातेदारों द्वारा अनापत्ति दी गई है। अधिकांश खातेदारों की ओर से अनापत्ति नहीं देने के बावजूद खान स्वीकृत होने के मामले की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा है कि अवैध खनन से वन्य संपदा को नुकसान पहुंच रहा है। ट्राली के तार तुन के पेड़ों में बांधे गए हैं। इससे पेड़ को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र निरीक्षण कर मामले की जांच करने की मांग की है।