बागेश्वर। बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र की पांच सड़कों का पुनर्निर्माण, सुधारीकरण और डामरीकरण जल्द होगा। इन सड़कों को सुधारने के लिए शासन से 10,44,29,000 रुपये की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति मिली है।
कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक चंदन राम दास ने बताया कि राज्य योजना के तहत बागेश्वर विकासखंड के गुरना से नैनीउडियार तक चार किमी सड़क पर डामरीकरण के लिए दो करोड़ बावन लाख रुपये, ओखलसों बैंड से खबडोली सड़क पर तीन किमी लंबाई में डामरीकरण के लिए 2,24,62,000 रुपये, गरुड़ विकासखंड के जिनखोली-सलखन्यारी सड़क के किमी एक और दो में पुनर्निमाण और सुधारीकरण के लिए 1,24,36,000 रुपये की मंजूरी मिली है।
एससीपी के तहत गरुड़ विकासखंड के कज्यूली-कोटफुलवारी सड़क के किमी एक से चार तक पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए 2,39,37,000 रुपये और मच्छीबगड़-ग्वाल्दे सड़क के किमी दो से पांच तक (साढ़ेे तीन किमी) में पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए 2,03,82,000 रुपये की स्वीकृति मिली है।
मंत्री ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री दास का आभार जताया है।