वनाग्नि पर नियंत्रण के लिए अंतर विभागीय समन्वय जरूरी
वनाग्नि की बढ़ती घटनाओं को लेकर सीएम ने वीडियो कांफ्रेंस की
अल्मोड़ा/बागेश्वर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश में वनाग्नि की बढ़ती घटनाओं के संबंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग सहित पुलिस, फायर, अन्य विभागों के समन्वय पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग सहित वन पंचायतों और स्थानीय ग्रामीणों को विश्वास में लेकर सहयोग लेने को कहा। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को जरूरत पड़ने पर मैन पावर बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि आग बुझाने में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। जो धनराशि जिलों को दी गई है वनाग्नि की घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए इसी समय उसका सदुपयोग किया जाए। सचिव वित्त एवं आपदा अमित नेगी ने एसडीआरएफ मद से तत्काल उपकरण क्रय करने को कहा। वन एवं पर्यावरण सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी ने प्रदेश में आगजनी की घटनाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया। अल्मोड़ा में डीएम ईवा आशीष, एसएसपी पी रेणुका देवी, वनाधिकारी पंकज कुमार, आरसी शर्मा, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल आदि मौजूद थे। उधर बागेश्वर में डीएम रंजना राजगुरू ने सभी अधिकारियों से निर्देशों का पालन करने को कहा। इस दौरान एसपी मुकेश कुमार, एडीएम राहुल गोयल, डीएफओ आरके सिंह, एसडीएम एसएस राणा, सीएमओ डॉ. जेसी मंडल, आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल आदि मौजूद थे। ब्यूरो