किराएदारों का सत्यापन नहीं करने पर पुलिस ने पहली बार मकान मालिकों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो मकान मालिकों का 10-10 हजार रुपये का चालान किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से किराएदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले मकान मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस ने मंगलवार को घटबगढ़ वार्ड में अभियान चलाया। वार्ड में रहने वाले किशन राम द्वारा किराएदारों का सत्यापन नहीं कराया गया था। पुलिस ने किशन का 10 हजार रुपये का चालान कर दिया। इसके बाद पुलिस ने नदीगांव में चेकिंग की। वहां मोहम्मद जाबिर ने भी अपने मकान में रहने वाले बाहरी क्षेत्र के मजदूर किराएदारों का सत्यापन नहीं कराया था।
इस पर पुलिस ने मोहम्मद जाबिर का भी 10 हजार रुपये का चालान किया। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से बाहरी लोगों का सत्यापन किया जाना जरूरी है। लंबे समय से सत्यापन कराए जाने को लेकर अपील की जा रही है। इसके बावजूद कई मकान मालिकों ने अपने किराएदारों का सत्यापन नहीं कराया है। ऐसे मकान मालिकों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इधर, पहली बार 10 हजार का जुर्माना लगाए जाने पर किराएदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले मकान मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है।
मोडीफाइड साइलेंसर लगी तीन बाइक सीज
डीएसपी वीर सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने जिला मुख्यालय के विभिन्न मार्गों पर संयुक्त अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 35 वाहनों के चालान किए। मोडीफाइड साइलेंसर और बिना कागजात आदि में कार्रवाई करते हुए तीन बाइक सीज की गईं।