आपदा के तीन माह बाद शुरू हुई बदरीनाथ धाम की यात्रा के तीसरे दिन भी बढ़ती ठंड और क्षतिग्रस्त रास्तों के बावजूद धाम में मंगलवार को 220 तीर्थयात्री पहुंचे।
धाम में पहुंच रहे तीर्थयात्रियों को देख व्यापारियों और मंदिर समिति के कर्मचारियों में उत्साह है। बदरीनाथ जाने वाले सभी तीर्थयात्रियों का पुलिस जोशीमठ मारवाड़ी में पंजीकरण कर रही है। लामबगड़ में मार्ग की खस्ता हालत को देखते हुए जत्थों में वाहनों एक तरफा छोड़ा जा रहा है।
बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं तीर्थयात्री
बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा शुरू होने से व्यापारियों ही नहीं माणा गांव के ग्रामीणों में भी उत्साह है। उन्हें पैदावार का अच्छा मूल्य मिलने की आस जगी है। मंगलवार को धाम में पहुंचे तीर्थयात्रियों पूजा में भाग लिया। बदरीनाथ के धर्माधिकारी भुवन उनियाल का कहना है कि विभिन्न राज्यों के श्रद्धालु टेलीफोन से यात्रा की जानकारी जुटा रहे हैं।
आगामी दिनों में बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के धाम में पहुंचने की संभावना है। वहीं, बदरीनाथ तीर्थयात्रा शुरू होने का असर यात्रा मार्ग के बाजारों में भी दिखने लगा है। जोशीमठ, पीपलकोटी, चमोली और आस-पास होटलों और दुकानों में चहल-पहल दिखने लगी है।
दिन भर खिली रही चटख धूप
मंगलवार को दिन भर चटख धूप खिली रही। बदरीनाथ हाईवे पर दिनभर यातायात सुचारु रहा। हालांकि लामबगड़ से बेनाकुली के बीच हाईवे की खस्ता हालत से तीर्थयात्रियों दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रा मार्ग की दुश्वारियों के बावजूद आस्था भारी पड़ रही है। टूटी सड़कें और खिसतके पहाड़ों के बावजूद धाम में प्रतिदिन तीर्थयात्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।