दिसंबर और जनवरी का धेला भी भुगतान नहीं मिलने से नाराज किसानों ने बेलवाड़ा शुगर मिल के खरीद केंद्रों पर जाकर तौल बंद करा दी। किसानों ने भुगतान होने पर ही तौल चलने देने की बात कही है।
बेलवाड़ा स्थित राणा शुगर मिल ने किसानों को मौजूदा सत्र का धेला भी भुगतान नहीं किया है। इससे नाराज किसानों ने सोमवार को नाजरपुर खुर्द, मऊमय चक, अहरोई, रामहट, कांकर सराय, धनौरी अहीर, गुलड़िया गांवों के बेलवाड़ा शुगर मिल के खरीद केंद्रों पर जाकर तौल बंद करा दी।
मिल के रवैये से बेहद गुस्से में दिख रहे किसानों ने कहा कि चीनी मिल चले दो महीने से ज्यादा समय बीत गया है, मगर किसानों को एक धेले का भुगतान नहीं किया। इस कारण किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसानों ने कहा कि भुगतान नहीं होने तक तौल नहीं चलने देंगे।