यश पब्लिक इंटर कॉलेज में शनिवार को सीनियर्स को विदाई दी गई। इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के फेयरवेल में छात्र-छात्राओं ने खूब धमाल मचाया। इस दौरान फिल्मी और देश भक्ति गीतों पर नृत्य की प्रस्तुति के साथ तमाम हास्य व्यंग आधारित कार्यक्रम पेश किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य ने दीप जलाकर की। छात्रा मुस्कान, आस्था, भार्गवी व अतिति ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कक्षा 11 की छात्रा शालिनी व नेहा ने मधुवन में जो कन्हैया गीत पर नृत्य की प्रस्तुति से समां बांध दिया। कक्षा नौ की छात्रा कोमल, आंचल, कविता ने देश रंगीला गीत पर नृत्य पेश किया।
वहीं कक्षा 12 की छात्रा शिवानी गौड़, सुशीला व अलका आदि ने कव्वाली पेश कर तालियां बटोरीं। कक्षा नौ की चारू व मोनिका ने सत्यम शिवम सुंदरम गीत पर और कक्षा सात की छात्राओं ने छम-छम नाचे तेरी मोरनी पर मनमोहक नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
छात्र चिराग शर्मा व रविंद्र कुमार ने भी नृत्य की प्रस्तुति दी। शोभित व रोहित ने हास्य व्यंग्य सुना कर सबको खूब गुदगुदाया। इस मौके पर राजीव कुमार, संदीप कुमार, राहुल शर्मा, ऊषा चौहान, शालिनी गुप्ता, रविंद्र सिंह, कावेंद्र सिंह, प्रवेंद्र सिंह स्टाफ समेत छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।