कैलसा रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर देहात थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर के सामने रेल पटरी चटक गई। रेल कर्मियों ने क्लिप लगाकर ट्रेनों को गुजारा। वेल्डिंग करके रेल पटरी को दुरुस्त कर दिया गया है। इधर, प्रेशर पाइप टूटने से तेलीपुरा गांव के पास मालगाड़ी करीब दस मिनट तक खड़ी रही।
कैलसा रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव पृथ्वीपुर के सामने रात किसी समय मुरादाबाद-दिल्ली रेल ट्रैक की एक पटरी चटक गई। पटरी चटखते ही स्टेशन के पैनल से ट्रैक का संपर्क टूट गया और गैंग को मौके पर भेजा गया। गैंग ने टूटी रेल पटरी पर क्लिप लगाकर ट्रेनों को गुजारा।
शनिवार की सुबह रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और वेल्डिंग कर रेल पटरी को दुरुस्त किया। हांलाकि, रेल पटरी चटकने से रेल संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। जिस स्थान पर रेल पटरी चटखी थी, वहां से ट्रेनों को हल्की गति में गुजारा गया।
इधर, गांव तेलीपुरा के नजदीक मुरादाबाद दिशा में जा रही एक मालगाड़ी का प्रेशर पाइप टूट गया। इस कारण मालगाड़ी करीब दस मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही। प्रेशर पाइप ठीक करने के बाद मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया।