अमरोहा टैक्सटाइल वेस्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने वाशिंग प्लांट बंद करने के लिए पुलिस प्रशासन से पंद्रह दिन की मोहलत मांगी है और प्लांट न बंद करने की स्थिति में कानूनी कार्रवाई करने में सहयोग का आश्वासन दिया है।
शासन स्तर से कॉटनवेस्ट के वाशिंग प्लांटों को बंद करने के आदेश मिलते ही खलबली मच गई है। कपड़ों को तेजाब और केमिकल से धोने के बाद पानी को बोरिंग के सहारे जमीन में डालने से अमरोहा का पानी प्रदूषित हो चुका है। शहर में तमाम वाशिंग प्लांट प्रतिबंध के बावजूद संचालित हैं।
बुधवार को इस संबंध में कोतवाली में हुई बैठक में अमरोहा टैक्सटाइल वेस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एसडीएम सदर मोहम्मद नईम और सीओ सिटी शील कुमार से वाशिंग प्लांटों को बंद करने के लिए पंद्रह दिन की मोहलत मांगी है।
साथ ही भरोसा दिलाया है कि तय समय में यदि वाशिंग प्लांट बंद नहीं होते हैं, तो एसोसिएशन खुद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराएगी। इस दौरान फायर ब्रिगेड से एनओसी लेने के निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर जेई विद्युत सूर्यकांत शर्मा, एसोसिएशन के अध्यक्ष इरफान अहमद मंसूरी, शाहनवाज रईस, सलाउद्दीन मंसूरी, महमूद, शाहिद, ताहिर, हाजी शाहिद, जुनैद, अमित आदि मौजूद रहे।