फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गजरौला में केएसके एकेडमी के हास्टल में छात्र की हत्या

Tue, 01 Mar 2016 12:45 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
नगर के पड़ोसी गांव खादगूजर स्थित केएसके एकेडमी में एक छात्र की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद परिजनों को सूचना देकर स्कूल प्रबंधक समेत पूरा शिक्षक स्टाफ फरार हो गया। इसके विरोध में छात्र के परिजनों ने स्कूल में पहुंचकर तोड़फोड़ कर दी।
विज्ञापन


प्रबंधक की मां और उसके मामा के मौके पहुंचने पर भीड़ ने जमकर पिटाई की, पुलिस ने जैसे-तैसे भीड़ से खींचकर दोनों को बचाया। बवाल की आशंका में कई थानों की पुलिस बुला ली गई। डेढ़ सेक्शन पीएसी भी पहुंच गई। पुलिस ने मौके से फिंगर प्रिंट लिए हैं। दो रूम पार्टनर, प्रबंधक की मां (संचालिका)और उसके मामा समेत चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव लंबिया के रहने वाले किसान महेंद्र सिंह का 18 वर्षीय पुत्र दीपेंद्र उर्फ दीपू गजरौला के निकट खादगूजर स्थित केएसके एकेडमी में 12वीं का छात्र था। वह पिछले छह वर्ष यानी पांचवीं कक्षा से हास्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। सोमवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन


उसके गले पर गहरे जख्म, हाथों और कमर पर कटे के निशान मिले हैं। प्रबंधक जीएस चाहल ने छात्र को बीमार बताकर परिजनों को सूचना देकर बुला लिया और खुद फरार हो गए। जब मृतक दीपेंद्र के पिता महेंद्र सिंह परिवार के साथ यहां पहुंचे तो बेटा मृत अवस्था में चारपाई पर पड़ा मिला।

पिता ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि स्कूल प्रबंधन दीपू का काफी समय उत्पीड़न कर रहा था, जिसकी सूचना उसने घर पर दी थी। उधर, छात्र की हत्या की सूचना मिलते ही आसपास के गांव की भीड़ वहां पहुंच गई। गुस्साए लोगों ने स्कूल में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

शीशे और गमले के साथ ही अलमारियां आदि तोड़ दी। स्कूल की मालकिन परमजीत कौर और उसके भाई गनपत सिंह को भीड़ ने जमकर पीटा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और बमुश्किल बचाकर थाने भेजा। लेकिन भीड़ के उग्र होने पर आसपास के थानों रजबपुर, डिडौली, धनौरा, हसनपुर, सैदनगली, बछरायूं से पुलिस और पीएसी बुला ली।

सीओ मोहनलाल और एएसपी विजय गौतम भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से मृतक दीपू के रूम पार्टनर अभिषेक और सचिन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के पिता महेंद्र सिंह ने प्रबंधक और उसके बेटे व वार्डन के विरुद्ध हत्या करने की तहरीर दी है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें