सफाईकर्मी भर्ती के लिए इन दिनों जरूरी डाक टिकट लोगों को नहीं मिल पा रहे हैं। डाकघरों में डाक टिकटों की किल्लत से आए दिन बखेड़ा हो रहा है। यह स्थिति तकरीबन 15 दिन से बनी है, मगर जिम्मेदार इसकी ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
इससे युवक एक डाकघर से दूसरे डाकघर का चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं। इसको लेकर सोमवार को भी हंगामा हुआ। डाक टिकट लेने आए युवकों का कहना है कि, खरीदने युवक आ रहे हैं और लौट जा रहे हैं।
डाक टिकटों की कमी की वजह से सोमवार को भी युवाओं ने पोस्ट आफिस के बाहर जमकर हंगामा काटा। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवेदन करने वाले युवाओं का आरोप है कि, डाकखाने में डाक टिकटों की कृत्रिम कमी दिखाई जा रही है।
सफाई कर्मचारी की नियुक्तियां निकली हुई हैं। समय पर आवेदन नहीं करने पर उनका मौका छिन सकता है। डाक कर्मचारियों ने अपने रूटीन के काम निपटाने के लिए डाकखाने के शटर बंद कर दिया तो खफा युवकों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
युवाओं की ओर से हंगामा काटने पर पोस्ट मास्टर ने सूचना कर पुलिस बुलाई। तब जाकर युवा शांत हुए। बीते शुक्रवार व शनिवार को भी डाक टिकट स्थानीय पोस्ट आफिस में नहीं थे। उधर, उप डाकपाल का कहना है कि, अफसरों को सूचना दे दी है। जल्द ही टिकट मिल जाएंगे।