सैदनगली/ढबारसी क्षेत्र में बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन रहस्यमय बुखार और डेंगू लोगों की जान ले रहा है। रविवार को बुखार ने छात्रा समेत दो लोगों की जान ले ली।
सैदनगली के मोहल्ला मनिहारान निवासी इफ्तखार उर्फ बब्लू पुत्र नन्हें(35) एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। परिजन नगर में ही उपचार करा रहे थे। जब बखार ठीक नहीं हुआ तो चिकित्सक ने उसके खून की जांच कराई। इसमें उसके प्लेटलेट्स में निर्धारित संख्या से काफी कमी पाई गई। परिजनों ने बताया कि, उसके खून में प्लेटलेट्स घटकर पैंतालीस हजार रह गई थी।
इधर, उसकी तबीयत बिगड़ती देख चिकित्सक ने उसे संभल रेफर कर दिया, मगर तब तक देर हो चुकी थी। पीड़ित ने रविवार को रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि, चिकित्सक उसे डेंगू होने की बात कह रहे थे। उधर, आदमपुर बड़ा माजरा निवासी खुशूब पुत्री विजय(15) को छह दिन से बुखार आ रहा था।
परिजन आदमपुर में ही उपचार करा रहे थे। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे संभल ले गए। यहां से डाक्टरों ने उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया, लेकिन पीड़ित ने रविवार सुबह मुरादाबाद जाते वक्त दम तोड़ दिया। वह कक्षा आठ में छात्रा थी।