राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव
की अधिसूचना जारी कर चुनाव का बिगुल बजा दिया है। चार चरणों में होने वाले
चुनाव के बाद एक नवंबर को मतगणना होगी।
इसी के तहत जनपद में प्रथम चरण में
अमरोहा ब्लाक, दूसरे चरण में जोया ब्लाक, तीसरे चरण में गजरौला, धनौरा
ब्लाक और चौथे चरण में हसनपुर, गंगेश्वरी ब्लाक में चुनाव होगा। जिलाधिकारी
की ओर से मंगलवार को चुनाव की अधिसूचना जारी करने की औपचारिकता पूर्ण की
जाएगी।
उधर, चुनाव का कार्यक्रम जारी होते ही दावेदारों और समर्थकों में
हलचल बढ़ गई है। प्रशासन भी तैयारियों में जुट गया है। जिला पंचायत
सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव को लेकर चला आ रहा संशय सोमवार को
समाप्त हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की अधिसूचना जारी करते हुए
सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
अमरोहा जनपद में चार चरणों में चुनाव
कराए जाएंगे। प्रथम चरण का चुनाव नौ अक्तूबर को होगा, जिसकी निर्वाचन
प्रक्रिया 28 सितंबर से शुरू होगी। ब्लाक कार्यालय में क्षेत्र पंचायत
सदस्य का नामांकन होगा, जबकि जिला पंचायत सदस्य के चुनाव को नामांकन
कलेक्ट्रेट में होगा।
चुनाव कार्यक्रम एक नजर में
- प्रथम चरण का मतदान नौ अक्तूबर को अमरोहा ब्लाक में होगा
- दूसरे चरण का मतदान 13 अक्तूबर को जोया ब्लाक में होगा
-तीसरे चरण का मतदान 17 अक्तूबर को गजरौला और धनौरा ब्लाक में होगा
-चौथे चरण का मतदान 29 अक्तूबर को गंगेश्वरी और हसनपुर ब्लाक में होगा
ब्लाकवार नामांकन कार्यक्रम पर एक नजर
प्रथम
चरण: अमरोहा ब्लाक के लिए नामांकन 28 सितंबर से 29 सितंबर तक होगा।
नामांकन की जांच तीस सितंबर को होगी। नाम वापसी तीन अक्टूबर को होगी। इसी
दिन प्रतीक चिंहनों का आवंटन किया जाएगा। मतदान नौ अक्तूबर को होगा।
द्वितीय
चरण जोया ब्लाक: चुनाव के लिए नामांकन एक अक्तूबर और तीन अक्टूबर को होगा।
नामांकन की जांच चार अक्तूबर को होगी। नाम वापसी छह अक्तूबर को होगी। इसी
दिन प्रतीक चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। मतदान तेरह अक्तूबर को होगा।
तृतीय
चरण में धनौरा और गजरौला ब्लाक: यहां चुनाव के लिए नामांकन छह और सात
अक्तूबर को होगा। नामांकन प्रपत्रों की जांच आठ अक्तूबर को होगी। नाम वापसी
दस अक्तूबर को होगी। इसी दिन प्रतीक चिह्नाें का आवंटन किया जाएगा। मतदान
17 अक्तूबर को होगा।
चौथा चरण गंगेश्वरी और हसनपुर ब्लाक: चुनाव में के
लिए नामांकन नौ और दस अक्तूबर को होगा। नामांकन प्रपत्रों की जांच चौदह
अक्तूबर को होगी। नाम वापसी 16 अक्तूबर को होगी। इसी दिन प्रतीक चिंह्नों
का आवंटन किया जाएगा। मतदान 29 अक्तूबर को होगा।
एक नवंबर को होगी मतगणना
अमरोहा।
जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव के चारों चरणों में डाले जाने
वाले मतों की गणना एक नवंबर को संबंधित ब्लाक कार्यालय परिसर में कराई
जाएगी।