बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर घर में बीमारी डेरा डाले हुए है। आए दिन लोगों की जान जा रही है और तमाम पीड़ित बुखार से लड़ रहे हैं। बीमारों की सेहत की चिंता में परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है। 24 घंटे के भीतर बुखार ने जिलेभर में छह लोगों की जान ले ली। मृतकों के घरों में कोहराम मचा है।
अमरोहा शहर से सटे गांव लक्ष्मणवाली मढै़या में देवराज का परिवार रहता है। उसकी पत्नी निर्मला (30) को कुछ दिन से बुखार आ रहा था। निजी चिकित्सक की दवा से भी उसकी सेहत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार रात उसकी हालत फिर बिगड़ गई। बाद में परिजन महिला को लेकर डाक्टर के पास जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
वहीं मंडी धनौरा क्षेत्र के शहबाजपुर गांव की मढै़या निवासी मदन सिंह का 13 साल का पुत्र काविंद्र सिंह नगर के राष्ट्रीय इंटर कालेज में कक्षा छह का छात्र था। उसे तीन दिन से बुखार आ रहा था। परिजन गांव के ही झोलाछाप से दवा दिला दिए थे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
बुखार में ही वह सोमवार को परीक्षा देने गया था, लौटा तो तबीयत और बिगड़ गई। इस पर परिजनों ने उसे नगर के एक चिकित्सक को दिखाया। उसने तत्काल मेरठ ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे मेरठ ले गए, मगर तब तक देर हो चुकी थी। उपचार के दौरान सोमवार देर रात उसने दम तोड़ दिया। गांव में मौजूद परिजनों को काविंद्र की मौत की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि मेरठ के चिकित्सक ने परीक्षण के बाद काविंद्र को डेंगू बुखार बताया था। उधर, हसनपुर नगर के मोहल्ला पंसारा बाजार निवासी यूसुफ(9) पुत्र अय्यूब तीन दिन से बुखार से पीड़ित था। निजी चिकित्सक के यहां उपचार के बाद भी हालत बिगड़ती गई तो उसे नोएडा ले जाया गया।
मंगलवार रात उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं गंगेश्वरी क्षेत्र के गांव पशुपुरा का रहने वाला किसान चुन्नी(50) पुत्र झाऊ सिंह बीस दिन से बुखार से पीड़ित था। सोमवार रात को चुन्नी ने दम तोड़ दिया।
उझारी में डेंगू से युवक की मौत
उझारी(अमरोहा)। नगर के मोहल्ला मंसूरपुर निवासी राम किशोर (डेंगू)पुत्र शीशराम को पिछले बृहस्पतिवार से बुखार आ रहा था। नगर के चिकित्सकों के इलाज से फायदा न मिलने पर उसे मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डाक्टरों ने डेंगू होने की बात कही।
उसे रक्त भी चढ़ाया गया, मगर मंगलवार शाम करीब पांच बजे उसने दम तोड़ दिया। रात्रि आठ बजे उसका शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। इससे पूर्व नगर के मोहल्ला भीम नगर निवासी कल्याण की भी बुखार से मौत हो गई थी। वहीं मेरठ के एक अस्पताल में अमराेहा के एचसीपी ने दम ताोड़ दिया।