मंडी धनौरा रोड पर प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद बस चालक बाइक सवारों को रौंदता हुआ बस लेकर भाग गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को धनौरा मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।
नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव कुरी निवासी सुनील (25) पुत्र खचेडू नोएडा में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। इनदिनों वह घर आया हुआ था। सोमवार की सायं वह बाइक पर सवार होकर अमरोहा से घर जा रहा था।
बाइक पर गांव का ही नरेंद्र पुत्र राजेंद्र भी सवार था। सायं करीब साढ़े पांच बजे बाइक मंडी धनौरा रोड पर गांव हादीपुर के नजदीक ही पहुंची थी कि तभी पीछे से तेज गति में आ रही पीले रंग की प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों सवार सड़क पर गिर गए और चालक उन्हें रौंदता हुआ बस को भगाकर ले गया। सुनील की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
नरेंद्र को आनन फानन में निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और चालक की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी।
हादसे की सूचना पर करीब सात बजे पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। पंचनामाभर कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुराहाल था।