राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर सोमवार को जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित हुए। जगह-जगह रैली निकाली गई और लोगों को मतदान के दिन सक्रिय भागीदारी करने की शपथ दिलाने की अपील की।
शहर में मुख्य कार्यक्रम जेएस हिंदू इंटर कालेज में आयोजित हुआ। यहां लोगों को मतदान की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर स्लोगन व पेंटिंग प्रतियोगिताओं के विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा सराहनीय योगदान के लिए जिलाधिकारी की ओर से माध्यमिक शिक्षा विभाग के लोगों को सम्मानित किया गया।
गांधी मूर्ति से निकाली गई रैली को उपजिलाधिकारी मोहम्मद नईम व जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में राजकीय बालिका इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज, कुंदन इंटर कालेज, आईएम इंटर कालेज, एकेके इंटर कालेज, एडब्ल्यू फैजेआम इंटर कालेज आदि विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान बच्चे हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे। जेएस इंटर कालेज में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राजकीय बालिका इंटर कालेज, श्रीराम इंटर कालेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सभी का मनमोह लिया।
डीएम ने किया सम्मानित
इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त, डीसी मरगूब हुसैन, जीआईसी अमरोहा के प्रधानाचार्य केएच जैदी, जेएस इंटर कालेज के प्रधानाचार्य जीपी सिंह को मतदाता जागरूकता में सराहनीय योगदान के लिए जिलाधिकारी वेदप्रकाश ने प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम रहे शिवम अग्रवाल, द्वितीय समीन हसन व तीसरे स्थान पर रहे फाजिल व स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम विकास कुमार, जगवती तृतीय, बबीता को पुरस्कृत किया गया।
मतदान के दिन को उत्सव की तरह मनाएं
जिलाधिकारी वेदप्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि अमरोहा जनपद में लोगों ने पिछले चुनावों में बढ़चढ़ कर भाग लिया जोकि मतदाताओं के जागरूक होने का परिचय देता है। उन्होंने मतदान दिवस को उत्सव की तरह मनाया जाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी को मतदान में भाग लेने की शपथ दिलाई।
समारोह में सराहनीय कार्य करने वाले बीएलओ व नए मतदाताओं को पहचानपत्र देकर सम्मानित किया गया। यहां नगर पालिका चेयरमैन अफसर परवेज, बीना गुप्ता, परमजीत कौर, अब्दुल रऊफ, मदनपाल, मलखान सिंह, संतराम यादव, राजवीर सिंह यादव, भूपेंद्र सिंह, सरताज अली आदि मौजूद रहे।