अमरोहा। प्रेमिका के खातिर प्रापर्टी डीलर ने सोते परिवार पर केरोसिन उड़ेल जलाकर मारना चाहा। लेकिन पत्नी के जागने पर मंसूबा कामयाब न हो सका। शोर शराबा सुनकर जमा भीड़ ने प्रापर्टी डीलर को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। हंगामे की इत्तला पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना, शहर कोतवाली के मुहल्ला कुरैशी की है। पेशे से प्रापर्टी डीलर राशिद का मुहल्ले की एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। जिसको लेकर पत्नी यासमीन से विवाद चल रहा है। मामला, अदालत में विचाराधीन है। गुरुवार की सुबह मौका पाकर राशिद ने कमरे में सो रही पत्नी और बच्चों पर मिट्टी का तेल छिड़क दिया। आग लगाते समय यासमीन की आंख खुल गई। पति के आंखों में खून देख उसके होश उड़ गए। शोर शराबा सुनकर आस-पड़ोस के लोग जमा हो गया।
गुस्से में आपा खोए राशिद ने पत्नी और बच्चों की बेरहमी से पिटाई कर तोड़फोड़ शुरू कर दी। बच्चों पर जुल्म देख भीड़ का गुस्सा भड़क गया। प्रापर्टी डीलर को घेर लोगों ने जमकर धुनाई कर दी। राशिद को कस्टडी में लेकर पुलिस ने हवालात मेें डाल दिया। बाप की करतूत से शानदार, निशां, सायमा, भूरा, जावेद व सायबा खौफजदा थे।