अमरोहा। आईएसआई एजेंट आसिफ अली के बाद अब आतंकी सलीम पतला के तार भी अमरोहा के मदरसा संचालक से जुड़ गए हैं। वह संचालक के गृहप्रवेश कार्यक्रम में भी शामिल हुआ था। उसके गुर्गों का संपर्क भी बना हुआ था। एटीएस ने कॉल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है।
अमरोहा के मोहल्ला कोट और कोट हौदड़ियां से वर्ष 2006 में दो आतंकी गिरफ्तार हुए थे। इसके बाद फैजाबाद बम ब्लास्ट में पकड़े गए आतंकी के संबंध भी शहर के एक मदरसे से थे। उसने यहां रहकर मदरसे से तालीम हासिल की थी। इसके बाद अमरोहा खुफिया तंत्र की हिटलिस्ट में शामिल हो गया। हाल ही में मेरठ से गिरफ्तार हुए आईएसआई एजेंट आसिफ अली से भी मदरसा संचालक का कनेक्शन रहा। आसिफ अली ने एक सैन्य अधिकारी के एकाउंट में जोया की एसबीआई शाखा से रुपये ट्रांसफर किए थे। अब आतंकी सलीम पतला के तार भी मदरसा संचालक से जुड़े हैं। कुछ दिन पूर्व मदरसा संचालक ने अपने आलीशान घर के गृहप्रवेश में आतंकी सलीम को आमंत्रित किया था और कार्यक्रम में सलीम अपने कुछ गुर्गों के साथ शामिल हुआ था।
-पूछताछ के लिए कभी भी उठा सकती है एटीएस
उत्तर प्रदेश में आतंक की जड़ों को मजबूत बनाने में जुटे सलीम पतला के संबंध मदरसा संचालक से उजागर होने के बाद शहर का खुफिया तंत्र भी अलर्ट हुआ है। सूत्रों की मानें तो एटीएस कॉल डिटेल खंगाल कर और जानकारी जुटा रही है। इसके बाद मदरसा संचालक को पूछताछ के लिए उठा भी सकती है।