अमरोहा। जोया ब्लाक के गांव पीपली कलां का ग्राम प्रधान अनियमितताओं में फंसा गया है। नामित अधिकारी ने जांच पूरा करने में एक साल गुजार दिया, फिलहाल जांच में लाखों रुपये के गबन की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन जांच रिपोर्ट सौंपे जाने के 17 दिन बाद भी डीपीआरओ ने कार्रवाई की संस्तुति नहीं की है।
जोया ब्लाक के गांव पीपलीकलां के ग्रामीणों ने 31 अक्तूबर 2013 को शपथ पत्र के साथ प्रधान की शिकायत की थी। तत्कालीन जिलाधिकारी भवनाथ ने सहायक निदेशक मत्स्य शिव कुमार को इसकी जांच सौंपी थी। नामित अधिकारी ने प्रधान द्वारा कराए गए विभिन्न कार्यों की जांच की। इसमें दर्जनभर मामलों में प्रधान दोषी पाया गया। जांच अधिकारी ने तीस सितंबर को जांच रिपोर्ट संबंधित अधिकारी को सौंप दी। रिपोर्ट सौंपे जाने के 17 दिन बाद भी प्रधान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
ग्रामीणों ने की अधिकार सीज करने की मांग
पीपली कलां के ग्रामीणों ने डीपीआरओ से दोषी ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता भारतेंदु सिंह, ब्रजेश सिंह व दुलारी देवी ने डीपीआरओ को शुक्रवार को ज्ञापन सौंपा।
नामित अधिकारी ने जांच रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद प्रधान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-जाहिद हुसैन डीपीआरओ