अमरोहा। जनपद अमरोहा बार एसोसिएशन के चुनाव में जूनियर ग्रुप के पद के लिए सपने संजोए बैठे सात अधिवक्ताओं की ख्वाहिश अधूरी रह गई। जांच में इनके नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए हैं। जबकि कनिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर अकेले नामांकन से निर्विरोध चुना जाना तय है।
बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर वकीलोें की सियासत में गरमाहट आ गई है। अध्यक्ष पद के लिए तीन दावेदार चुनावी मैदान में है। आगामी 26 अप्रैल को मतदान होना है। इसके बाद 28 अप्रैल को नतीजे सामने आएंगे। उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी जीत के लिए वकीलों की गुणाभाग शुरू कर दी है। सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई, जिसमें जूनियर ग्रुप पद के लिए हुए ग्यारह नामांकन में से सात नामांकन अपात्र पाए गए। जबकि अन्य नामांकन पत्र दुरुस्त मिले। चुनाव समिति के अध्यक्ष राकेश त्यागी ने बताया कि मंगलवार को नाम वापसी का दिन है। इस दौरान अवनीश शरण बंसल, दिनेश चौहान, कपिल चिकारा, मनु शर्मा व साजिद रऊफ आदि मौजूद रहे।