अमरोहा। धनौरा मार्ग पर शार्ट सर्किट से कॉटनवेस्ट कारखाने में आग लग गई। तड़के में इस अग्निकांड नेे इलाके में अफरा तफरी मचा दी। इमारत क्षतिग्रस्त होने के साथ लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। दमकल कर्मियों ने बमुश्किल तमाम लपटों को काबू में कर आग बुझाई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घेर पछईयां निवासी शरफुद्दीन का यहां दाऊद सराय मार्ग पर काटनवेस्ट कारखाना है। यह घटना सुबह करीब छह-सात बजे के दरमियान की है। बिजली सप्लाई आने पर वायरिंग में फाल्ट हो गया। जिससे चिंगारी गोदाम में रखे बोरों पर आ गिरी। जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। कारखाने में आग भड़कने से आसपड़ोस के लोगों ने फायर स्टेशन में फोन कर शरफुद्दीन को सूचना दी। स्थानीय लोगाें ने आग बुझाने के प्रयास किए लेकिन लपटें और भड़कने लगी। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मियों ने करीब घंटाभर की मशक्कत से आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। अग्निकांड में गोदाम में रखे रुई के बोरे और कच्चा माल राख के ढेर में तबदील हो गया।