अमरोहा। साहब मेरे पिता जी को ढुंढवा दीजिए..इन अस्पताल वालों ने उन्हें गायब कर दिया। यह गुहार बछरायूं के एक गांव के परिवार ने एसपी से लगाई है। उसने अस्पताल के चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
बछरायूं थाना क्षेत्र के धनौरी खुर्द गांव के महेंद्र सिंह परिजनों संग पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचा। दरख्वास्त की कापी थमाते हुए बोला कप्तान साहब चार जुलाई को पिता जी करन सिंह हीरो होंडा मोटर साइकिल से रिश्तेदार के साथ गजरौला के कटाई गांव में विवाह कार्यक्रम में गए थे। नहीं लौटने पर दो दिन तक खोजबीन की। नहीं मिलने पर थाने पहुंचे तब कोने में खड़ी उसी बाइक पर नजर पड़ गई। पुलिस ने बताया कि चार जुलाई की रात कुम्हारपुरा के पास बाइक सवार घायल मिले थे। जिन्हें सिपाही 108 एंबुलेंस से रात में ही जिला अस्पताल में लावारिस के रूप में दाखिल करा आया। बेटे को जिला अस्पताल के स्टाफ ने बताया कि घायल बिना बताए बेड से उठकर चले गए। पूछताछ में सीएमएस व डाक्टर ने कुछ भी बताने से मना कर दिया। शिकायतकर्ता ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि अस्पताल में पिता की किडनी बेचकर लाश को लावारिस के रूप में गायब कर दिया गया है।