जोया। ककराली बवाल में गोकशी को लेकर खूनी संघर्ष की भले ही चर्चाएं रही हों। लेकिन, हकीकत कुछ और ही निकली। डिडौली पुलिस ने बुधवार को दूसरे पक्ष के चार लोगों के खिलाफ युवती से छेड़छाड़ और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिशें भी तेज कर दी है।
बताते चलेें कि रविवार को दिन निकलते ही कोतवाली क्षेत्र के ककराली गांव में एक समुदाय के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ था। पथराव के साथ गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में दहशत फैल गई थी। फायरिंग से कोतवाली में हड़कंप मच गया था। संघर्ष में दो महिलाओं समेत तेरह लोग जख्मी हुए थे। जबकि, मामले में तस्लीम पुत्र छुन्नू की तहरीर पर तेरह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
बुधवार को विवाद में नया मोड़ तब आया, जब कोतवाली पुलिस ने इंतजार कुरैशी की तहरीर पर फारूक, मुस्तकीम, मुश्तर और तसलीम के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट की धाराओं में मुकदमा कायम किया। प्रभारी कोतवाल पीके शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में टकराव छेड़खानी को लेकर होने का खुलासा हुआ। प्रतिबंधित पशुओं के कटान के आरोप पर भी तफ्तीश चल रही है।