गजरौला। हाईवे पर खड़े ट्रक दो युवकों की मौत का सबब बन गया। मुरादाबाद की दिशा से आ रही बाइक उसमें पीछे से जा घुसी। बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार की रात साढ़े नौ बजे हाईवे पर रिलायंस पंप के निकट चोकर की बोरियों से लदा ट्रक टायर बर्स्ट होने के कारण सड़क पर ही खड़ा था। इसी दौरान मुरादाबाद की दिशा में आ रही बाइक पीछे से ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक पर सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताते हैं कि घबराए ट्रक चालक ने ट्रक को वहां से भगाकर ले जाने का प्रयास किया लेकिन ट्रक लोडेड होने के कारण कुछ ही दूर तक चल सका। इसके बाद चालक और क्लीनर वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष आरपी यादव मौके पर पहुंचे। घटनास्थल रजबपुर होने के कारण उन्होंने वहां की पुलिस बुलवा ली। उधर, मृतकों के पास मिले मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने पर उनकी शिनाख्त कमल सिंह और छत्रपाल सिंह के रूप में हुई। दो बच्चों का पिता छत्रपाल यहां चौपला पर गुरुद्वारे के पीछे सुल्ताननगर मेें बाबूराम के घर में किराए पर रहता है। बताते हैं कि सोमवार की सुबह वह अपने गांव मलपुरा (मुरादाबाद) गेहूं लेने गया था और कट्टे में लेकर लौट रहा था। दोनों जुबिलेंट फैक्ट्री में ठेकेदार के श्रमिक बताए जा रहे थे।