अमरोहा। सड़क हादसों में दो लोगों की मौत के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस में दिनभर भीड़ लगी रही। अपनों को खोने के गम में बदहवास परिजन लाशों पर रोतेे बिलखते रहे। गमगीन माहौल में देर शाम पीएम के बाद पुलिस ने शव सुपुर्द कर दिए।
बता दें कि बीती रात डिडौली क्षेत्र में फत्तेहपुर-पलौला मार्ग पर मुरादाबाद में खादी ग्रामोद्योग विभाग में तैनात भीकनपुर मूंडा गांव निवासी रणवीर सिंह की बाइक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया था। हादसे में रणवीर सिंह (50) की मौके पर ही मौत हो गई थी।
दूसरा हादसा देर रात देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत जोया रोड पर हुआ। मुरादाबाद महानगर के बगला निवासी नरोत्तम पुत्र रामकुमार भैया दूज को पत्नी मीना के साथ मोहल्ला बदावाला आया था। रात करीब साढ़े दस बजे गन्ना सहकारी समिति कार्यालय के सामने सड़क पार करते तेज रफ्तार मारुति वैन ने टक्कर मार दी, जिससे नरोत्तम (45) ने मौके पर दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनो हादसों में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।