अल्मोड़ा। एचएनबी स्टेडियम में अल्मोड़ा प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पहले मैच में अल्मोड़ा वॉरियर और दूसरे मैच में अल्मोड़ा चैंपियन ने शानदार जीत दर्ज की।
सोमवार को श्री राम समिति की ओर से आयोजित क्रिकेट मुकाबले के पहले मैच में वेदांत की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 18 ओवरों में 136 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अल्मोड़ा वॉरियर ने सात विकेट के नुकसान पर मैच जीत लिया।
दूसरे मैच में अल्मोड़ा चैंपियन ने जिला पंचायत को आठ विकेट से पराजित किया। जिला पंचायत ने निर्धारित 20 ओवर में 63 रन बनाए। जवाब में अल्मोड़ा चैंपियन ने दो विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
विकास फर्त्याल, अभय अधिकारी, अमित पेनवाल और यमन बुढाथोकी ने अंपायर और पंकज बिष्ट और भूपेंद्र ने स्कोरर की भूमिका निभाई। समिति के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने कहा कि अल्मोड़ा प्रीमियर लीग क्रिकेट की विजेता टीम को ढाई लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।